यूपी के पीलीभीत जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां चंदे के हिसाब-किताब के विवाद ने तीन परिवारों की खुशियां उजाड़ दीं। अमरिया कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के रुपयों को लेकर चल रही पुरानी रंजिश सोमवार रात ट्रिपल मर्डर में बदल गई।क्या है पूरा मामला?अमरिया कस्बे में रामलीला कमेटी के अध्यक्ष सूरज गुप्ता और सदस्य कौशल गुप्ता के बीच पिछले 4 साल के आय-व्यय के हिसाब को लेकर तनातनी चल रही थी। 9 अक्टूबर को हुई कमेटी की बैठक में यह विवाद और बढ़ गया था।पुलिस के मुताबिक सोमवार रात करीब 9:30 बजे एक स्कूल में संगठन की बैठक खत्म होने के बाद दोनों पक्ष कौशल गुप्ता के घर के बाहर आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई, फिर लाठी-डंडे चले और देखते ही देखते लाइसेंसी राइफल और तमंचे से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई।इस फायरिंग की चपेट में तीन लोग आ गए। सगे भाई अंकित गुप्ता (30) और मोहित गुप्ता (32) और वहां से गुजर रहा 15 साल का कुनाल श्रीवास्तव गोली लगने से बुरी तरह घायल हो गए। अंकित और कुनाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोहित ने बरेली के प्राइवेट अस्पताल में दम तोड़ दिया। इसी घटना में रोज गुप्ता नाम का एक और युवक घायल है जिसका इलाज बरेली में चल रहा है।पुलिस ने 8 आरोपियों को पकड़ाघटना पीलीभीत-हरिद्वार नेशनल हाईवे के पास मुख्य बाजार में हुई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर अमरिया पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शांति व्यवस्था के लिए तीन थानों की फोर्स तैनात की गई है।एसपी पीलीभीत सुकीर्ति माधव ने बताया कि मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता, उसके भाई हर्षित, पिता नरेश, चाचा संतोष गुप्ता, संतोष का बेटा रचित गुप्ता, राकेश अरोड़ा, आशु और विक्की मौर्य को गिरफ्तार कर लिया गया है। मौके से संतोष गुप्ता के नाम की लाइसेंसी राइफल, एक अवैध तमंचा, दो कारें और लाठी-डंडे बरामद हुए हैं।मंगलवार सुबह डीआईजी बरेली अजय कुमार साहनी और डीएम आलोक कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवार वालों को न्याय का भरोसा दिया।
दैनिकराष्ट्रीय