लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला और कई सनसनीखेज दावे किए। उन्होंने कहा कि अब पुलिस प्रशासन भी केंद्र सरकार के रवैये से नाराज है।राहुल गांधी ने कहा, "पुलिस भी सरकार से नाराज है। 50 प्रतिशत पुलिस फोर्स हमारे साथ है। पुलिस वाले खुद हमसे कह रहे हैं कि आप सही कर रहे हैं।"वोट चोरी के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, "दिल्ली में कई दिनों से वोट चोरी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चल रहा है। सवाल ये है कि दिल्ली को जेल में क्यों बदल दिया गया है? लोगों को शहर में आने से रोका जा रहा है, ट्रेनों और बसों में उन्हें रोका जा रहा है। पूरी दिल्ली को एक किले में तब्दील कर दिया गया है।"इस दौरान राहुल गांधी ने एक और बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा, "आप हैरान हो जाओगे। मोदी जी, मैं आपको बता रहा हूं कि आपकी सरकार के 200 अफसर हमारे टच में हैं। वे हमें जानकारी दे रहे हैं। ED के अंदर, CBI के अंदर, विदेश मंत्रालय के अंदर, सभी हमें जानकारी लाकर दे रहे हैं। आपको जो करना है करिए, सच्चाई हमारे साथ है।"बता दें कि राहुल गांधी ये बयान विपक्षी INDIA गठबंधन के सुप्रीम कोर्ट तक मार्च से ठीक पहले मीडिया को संबोधित करते हुए दिया।